अयोध्‍या राम जन्‍मभूमि ट्रस्‍ट के अध्‍यक्ष महंत नृत्‍य गोपाल दास को हुआ कोरोना, सीएम योगी ने दिये खास निर्देश

अयोध्‍या में राम जन्‍मभूमि ट्रस्‍ट के अध्‍यक्ष महंत नृत्‍य गोपाल दास की तबियत खराब हो गई है। जानकारी के मुताबिक उन्‍हें सांस लेने में परेशानी हो रही है। इसके तुरंत बाद डॉक्‍टर को बुलाया गया और उन्‍हें ऑक्‍सीजन लगाई गई है। नृत्‍य गोपाल दास फिलहाल यूपी के आगरा में हैं और जानकारी मिलने के बाद आगरा के सीएमओ सहित कई डॉक्‍टर मौके पर पहुंचे हैं। महंत नृत्‍य गोपाल दास का कोरोना टेस्‍ट भी करवाया गया जिसकी रिपोर्ट में उनके पॉजिटिव आने की पुष्टि हुई है।

 

सीएम योगी आदित्‍यनाथ ने म‍थुरा के अधिकारियों को महंत का इलाज करवाने के लिए खास निर्देश दिये हैं। सीएम योगी के निर्देश के मुताबिक रामजन्‍मभूमि ट्रस्‍ट के अध्‍यक्ष का इलाज गुरूग्राम के मेदांता अस्‍पताल में होगा। इसके अलावा सीएम योगी ने मेदांता अस्‍पताल के डॉक्‍टर त्रेहन से फोन पर भी बात की है और महंत के इलाज पर भी दोनों के बीच चर्चा हुई है। इसके अलावा सीएम योगी ने अधिकारियों को इस बात के भी निर्देश दिये हैं कि महंत के इलाज के लिए जो भी जरूरी कदम हों वो तुरंत उठाए जाएं।

 

राम जन्‍मभूमि ट्रस्‍ट के अध्‍यक्ष महंत नृत्‍य गोपाल दास हर साल जन्‍माष्‍टमी के मौके पर मथुरा आते हैं और इस बार भी उन्‍होंने मथुरा में जन्‍माष्‍टमी मनाई लेकिन आज सुबह उनकी तबियत अचानक खराब हो गई।

 

पिछले दिनों अयोध्‍या में रामलला की सेवा करने वाले दो पुजारी भी कोरोना संक्रमित मिले थे। पुजारियों के अलावा अयोध्‍या में कई पुलिसकर्मी भी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए थे और हाल में ही पीएम मोदी ने भी अयोध्‍या में राम मंदिर की नींव रखने के समय दौरा किया था।

 

देश की बात करें तो फिलहाल देश में कोरोना वायरस के मामले 24 लाख के करीब पहुंच चुके हैं और पिछले 24 घंटों में करीब 67 हजार कोरोना वायरस के मामले सामने आए हैं जबकि 942 लोगों की कोरोना वायरस के कारण देश में मौत हो चुकी है।

 

Top Hindi News, Latest News Updates, Delhi Updates, Haryana News, click on Delhi Facebook, Delhi twitter  and Also Haryana Facebook, Haryana Twitter. 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *