बारामुला में आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया

Jammu & Kashmir News:

केंद्रशासित प्रदेश जम्मू–कश्मीर के उत्तरी हिस्‍से बारामुला जिले के क्रेरी इलाके के चेक–ए–सलूसा गांव में आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच आज हुई मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया है।

 

पुलिस के सूत्रों ने बताया कि एक विशेष खुफिया इनपुट पर कार्रवाई करते हुए सेना, पुलिस और सीआरपीएफ की एक संयुक्त टीम ने आज सुबह 11 बजे क्रेरी के चेक–ए–सलूसा क्षेत्र में एक सर्च ऑपरेशन शुरू किया। जब सुरक्षाबलों की संयुक्‍त टीम गांव में उस जगह पहुंची जहां आतंकवादी छिपे हुए थे, तो अपने आपको चारों ओर से घिरे पाने के बाद आतंकवादियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद सुरक्षाबलों की जवाबी कार्रवाई में एक आतंकवादी की मौत हो गई।

 

आखिरी रिपोर्ट आने तक बारामूला के क्रेरी इलाके के चेक–ए–सलूसा गांव में आतंकवादियों के खिलाफ सुरक्षाबलों का ऑपरेशन चल रहा था।

 

बारामुला के क्रेरी क्षेत्र में एक घातक मुठभेड़ के तीन दिन बाद आज एक बार फिर आतंकवादियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ हुई है। तीन दिन पहले सुरक्षाबलों के साथ हुई मुठभेड़ में लश्कर–ए–तैयबा के तीन आतंकवादियों के साथ दो शीर्ष कमांडर मारे गए थे और सेना के तीन जवानों सहित छह सुरक्षाकर्मियों ने अपनी गंभीर चोटों के कारण दम तोड़ दिया था और शहीद हो गए थे।

 

गौरतलब है कि इस समय देश में कई आतंकवादी घुसपैठ करने की फिराक में हैं और इसी कारण पाकिस्‍तान से लगी सीमा पर पाकिस्‍तानी रेंजर्स की ओर से लगातार सीजफायर का उल्‍लंघन कर फायरिंग की जा रही है जिससे आतंकी फायरिंग की ओट लेकर भारतीय सीमा में प्रवेश कर सके। इसके साथ ही आज ही दिल्‍ली में भी एक आईएसआईएस का आतंकवादी पकड़ा गया है जो देश में बड़ी साजिश को अंजाम देने की कोशिश में था। वहीं दूसरी ओर पंजाब के तरनतारन में भी बीएसएफ के जवानों की मुस्‍तैदी के कारण भारत में घुसपैठ करने कोशिश करने वाले 5 आतंकवादियों को ढेर कर दिया गया है।

 

Top Hindi News, Latest News Updates, Delhi Updates, Haryana News, click on Delhi Facebook, Delhi twitter  and Also Haryana Facebook, Haryana Twitter. 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *