दिल्ली दंगा मामले में पुलिस ने कड़कड़डूमा कोर्ट में दाखिल की चार्जशीट, उमर खालिद और शरजील इमाम का नाम नहीं !

दिल्ली। (रिपोर्ट- मोहित शर्मा) देश की राजधानी दिल्ली में हुए दंगा मामले को लेकर दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने बुधवार को कड़कड़डूमा कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की है। दिल्ली पुलिस ने दंगा मामले में गिरफ्तार 20 आरोपियों में से ताहिर हुसैन समेत 15 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट फाइल की है।

आपको बता दें, दिल्ली दंगा मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने आज कड़कड़डूमा कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी है। डीसीपी स्पेशल सेल प्रमोद कुशवाहा करीब 4 बजे अपनी टीम के साथ 2 ट्रक में 17 हजार पन्नों से ज्यादा की चार्जशीट लेकर कड़कड़डूमा कोर्ट पहुंचे। दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार 20 आरोपियों में से 15 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। इन 15 आरोपियों में ताहिर हुसैन और खालिद सैफी का नाम भी शामिल है। स्पेशल सेल गिरफ्तार हुए अन्य आरोपियों के खिलाफ सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल करेगी।

दिल्ली दंगा मामले में गिरफ्तार हुए मुख्य साजिशकर्ता उमर खालिद और शरजील इमाम के नाम इस चार्जशीट में शामिल नहीं हैं। उनके खिलाफ सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की जाएगी। करीब 17, 500 पन्नों की इस चार्जशीट में स्पेशल सेल ने 747 गवाह बनाए हैं। दिल्ली पुलिस ने चार्जशीट में टेक्निकल एविडेंस, व्हाट्सएप चैट और कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स को भी शामिल किया है। पुलिस के मुताबिक यूएपीए में आरोपियों को बुक करने के लिए दिल्ली सरकार और सेंटर से भी सैंक्शन मिल चुका है। पुलिस के अनुसार दिल्ली दंगा मामले में 3 लेवल के साजिशकर्ता थे, टॉप लेवल, मिडल लेवल और फुट शोल्डर्स।

दिल्ली पुलिस ने इस चार्जशीट में पूरी चेन को बेनकाब किया है, जिन्होंने दंगों की पूरी साजिश रची थी। चार्जशीट के मुताबिक 24 फरवरी के कई व्हाट्सएप ग्रुप की चैट से पता चला है कि साजिशकर्ता लगातार दंगाइयों के संपर्क में थे और उन्हें गाइड कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक करीब 25 व्हाट्सएप ग्रुप बनाए गए थे, जोकि सीएए के खिलाफ हो रहे प्रोटेस्ट के लिए बनाए गए थे।

Top Hindi News, Latest News Updates, Delhi Updates, Haryana News, click on Delhi Facebook, Delhi twitter  and Also Haryana Facebook, Haryana Twitter.